युवती से छेड़छाड़ मामले में पुलिस कार्रवाई असंतुष्ट ग्रामीणों ने रविवार को कुरुक्षेत्र-पूंडरी मार्ग पर फरल गांव में जाम लगा दिया। दरअसल, 11 मार्च 2023 को विशेष समाज के पांच युवकों ने युवती से छेड़छाड़ कर उसे पीटा था। इसके बाद पूंडरी थाना में पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया था, लेकिन परिजन व ग्रामीण पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट रहे। इस बीच थाना प्रभारी व महिला पुलिस अधिकारी से सही तरीके से जांच करवाने के विषय में मिले। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने पांचों आरोपियों में से दो को बेकसूर बता छोड़ दिया और तीनों पर मामूली धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। जिससे असंतुष्ट परिजनों व ग्रामीणोंं ने रविवार को दोपहर साढ़े 12 बजे तिरंगा चौक फरल पर सड़क बंद करते हुए जाम लगा दिया।