कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने डीएपी की मारामारी व धान खरीद को लेकर फिर से सरकार को घेरा है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी को ‘‘टेली प्रॉम्पटर’’ मुख्यमंत्री की संज्ञा देकर सरकार को किसान विरोधी बताया है। कहा कि टेली प्रॉम्पटर मुख्यमंत्री धान की एमएसपी 3100 रुपये क्विंटल कब देंगे। सुरजेवाला ने कहा कि प्रदेश में धान खरीद को लेकर किसान की जो बेइज्जती हुई व हजारों करोड़ का नुकसान हुआ। अब पूरे प्रदेश में डीएपी खाद को लेकर जो हाहाकार मचा है। उसका हल निकालने की बजाय मुख्यमंत्री लिखे लिखाए सरकारी बयानों को टेली प्रॉम्पटर पर पढ़कर झूठ की फसल बीजने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं। सवाल करते हुए सरकार से पूछा कि विधानसभा चुनाव से पहले सार्वजनिक तौर से वायदा कर आठ अक्तूबर 2024 से 3100 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी पर धान खरीदने का वादा करने वाले मुख्यमंत्री अब झूठ क्यों बोल रहे हैं। कहा कि प्रदेश के एक दर्जन से अधिक जिलों में डीएपी उपलब्ध ही नहीं या फिर डीएपी स्टॉक न के बराबर है, फिर भी मुख्यमंत्री आए दिन झूठ परोस रहे हैं।