कैथल में छठ महापर्व का समापन उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ किया गया। पूर्वांचल जन विकास मंच द्वारा इस अवसर पर नौंवे छठ महोत्सव का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ छठ मईया की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। वीरवार रात को छठ मईया के सम्मान में भव्य जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें छठ मईया के गीत गाए गए और माहौल भक्तिमय हो गया। जागरण के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।