संवाद न्यूज एजेंसी जींद। दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में युवा जननायक जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष दीपक देसवाल के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार का पुतला फूंका। दीपक देसवाल ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना लोकतंत्र की मूल भावना के विरुद्ध है। युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने लाठीचार्ज की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए। युवा जेजेपी हमेशा छात्रों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी। इस अवसर पर सुनील अलेवा, नवीन निदाना, वंश पड़ाना, शिव बागनवाला और डेविड मौजूद रहे।