क्षेत्र के गतौली गांव के पास बीती रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां कार और ट्रक की जोरदार टक्कर में कार चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जींद जिले के झांझ खुर्द गांव निवासी 23 वर्षीय अमन के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार अमन बीती रात करीब 11 बजे अपनी कार में सवार होकर जींद से रोहतक की ओर जा रहा था। जब वह गतौली गांव के पुल के पास पहुंचा तो उसकी कार आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक कार में ही बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में उसे जींद के सामान्य अस्पताल भिजवाया। हालांकि रास्ते में ही अमन ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। गतौली चौकी इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जींद के सामान्य अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है