152डी नेशनल हाईवे पर वीरवार रात को ट्रक ने एक युवक को रौंद दिया। शुक्रवार को पुलिस ने नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पिल्लूखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव ढाठरथ निवासी 30 वर्षीय मुकेश गांव के ही मनीष के साथ कार में सवार होकर भिवानी जिला के गांव राणीला में एक शादी समारोह में गया हुआ था। वीरवार रात को वह शादी समारोह से लौट रहे थे। जब वह 152डी नेशनल हाईवे के रास्ते जुलाना से निकले तो उनकी कार के टायर में पंक्चर हो गया। इसके बाद उन्होंने कार को हाईवे के किनारे लगा दिया। इसी बीच मनीष और मुकेश टायर बदलने को लेकर नीचे उतरकर बात कर रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक आया और उसने मुकेश को चपेट में ले लिया, जिससे ट्रक रौंदते हुए मुकेश के ऊपर से गुजर गया। दुर्घटना को अंजाम देकर चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। मृतक पीएनबी में तीन-चार सालों से अनुबंधित तौर पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी लगा हुआ था। शुक्रवार को पुलिस ने नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया वहीं अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।