हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सीईटी परीक्षा के दौरान रविवार को सीआरएसयू और आधारशिला पब्लिक स्कूल में बने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों मे दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। एचएसएससी के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने कहा कि प्रदेश के युवाओं में सीईटी परीक्षाओं को लेकर विशेष जोश है। इन परीक्षाओं में करीब 90 प्रतिशत युवा भाग ले रहे हैं। परीक्षार्थियों को उनके परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए बसों की समुचित व्यवस्था की गई। दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए उनके घर द्वार से परीक्षा केंद्रों तक लाने व ले जाने के लिए प्रशासन द्वारा बहुत ही अच्छा इंतजाम किया गया। उन्होंने कहा कि आज गांव देहात में सीईटी की महत्ता का युवाओं के साथ-साथ बुजुर्गों को भी पता चला है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में परीक्षा का संचालन शांतिपूर्ण व पारदर्शिता के साथ हुआ। इसके लिए परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारी और कर्मचारी बधाई के पात्र है।