सीईटी परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को सुबह के सत्र में रायचंदवाला रोड पर दालमवाला पब्लिक स्कूल में बने परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को प्रश्न पत्र की सील चेक करवाए बिना ही पेपर बांट दिया। इस पर कुछ अभ्यार्थियों ने आपत्ति जताते हुए इसका विरोध किया। हिसार निवासी प्रवीण ने एचएसएससी चेयरमैन के नाम लिखी शिकायत में बताया कि 27 जुलाई को सुबह की शिफ्ट में पेपर था। उसका सेंटर दालमवाला पब्लिक स्कूल ब्लॉक बी के कमरा नंबर 18 में आया हुआ था। एचएसएससी की गाइडलाइन के अनुसार प्रश्न पत्र और ओएमआर सीट बांटने से पहले इसकी सील चेक करवाना जरूरी होता है। इसके लिए परीक्षार्थियों की सहमति के बाद ही प्रश्न पत्र बांटा जाता है। कमरा नंबर 18 में ड्यूटीरत स्टाफ ने प्रश्न पत्र की सील चेक और अभ्यर्थी के साइन करवाए बिना ही प्रश्न पत्र बांटने शुरू कर दिए। इस पर दो अभ्यर्थियों ने आपत्ति जताई, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। कुछ देर बाद सुपरवाइजर को भी शिकायत दी गई, जिसके बाद साइन करवाए गए, लेकिन उनके सामने प्रश्न पत्रों की सील नहीं खोली गई। कमरों में लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया जा सकता है। अभ्यर्थियों ने कहा कि ऐसे में पेपर लीक होने जैसी घटना की आशंका रहती है। ऐसे में इस मामले की उचित जांच होनी चाहिए। एडीसी विवेक आर्य ने कहा कि वह मामले में जांच करेंगे।