जुलाना: कस्बे की पुराना थाना मार्केट में जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से पेयजल सप्लाई की नई पाइप लाइन नहीं बिछाए जाने से दुकानदारों और महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले करीब आठ माह से बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इससे लोगों में विभाग के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है। शनिवार को मार्केट के दुकानदारों ने जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष जताया। दुकानदार राजबीर, कर्मबीर, विकास और कपिल ने बताया कि मार्केट की दुकानों की नींव के नीचे से गुजर रही पुरानी पेयजल पाइप लाइन काफी समय से लीक हो रही है। पाइप लाइन से लगातार पानी रिसने के कारण दुकानों की नींव कमजोर हो रही है। दुकानदारों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कई दुकानें गिरने की कगार पर पहुंच सकती हैं। दुकानदारों ने बताया कि करीब तीन माह से लगातार विभाग को शिकायतें दी जा रही हैं, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ। मार्केट की गली में न तो नई पेयजल पाइप लाइन बिछाई गई है और न ही सीवरेज की लाइन डाली गई है। इसके कारण लोगों को पेयजल के साथ-साथ जल निकासी की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है। दुकानदारों ने विभाग के अधिकारियों से जल्द नई पेयजल और सीवरेज लाइन बिछाने तथा पुरानी लीकेज पाइप लाइन को ठीक करवाने की मांग की है। बाक्स जल्द ही मार्केट में पाइप लाइन बिछाई जाएगी और लीकेज लाइन को बंद करने के लिए कर्मचारियों को भेजा जाएगा। दुकानदारों की समस्या का तुरंत समाधान किया जाएगा। --- सतीश नैन, एसडीओ जनस्वास्थ्य विभाग जुलाना।