फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जींद का हरनामपुरा गोलीकांड; फायरिंग के मुख्य आरोपी को सीआईए नरवाना ने 12 घंटे में दबोचा, रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी

Naveen Updated Sat, 20 Jun 2026 01:13 PM IST

गांव हरनामपुरा में बिजली कर्मचारियों से हुए विवाद के बाद एक युवक पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान धमतान साहिब निवासी बसाबा राम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उप पुलिस अधीक्षक उचाना संजय कुमार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 19 जून को गांव हरनामपुरा में बिजली कर्मचारी मरम्मत कार्य कर रहे थे। इसी दौरान धमतान साहिब निवासी बसाबा राम वहां पहुंचा और बिजली आपूर्ति बंद होने को लेकर कर्मचारियों से बहस करने लगा। इसी समय गांव हरनामपुरा निवासी सुरेंद्र पुत्र गुरचरण भी वहां पहुंच गया, जो टहलने के दौरान मौके पर मौजूद था। सुरेंद्र ने बिजली कर्मचारियों और बसाबा राम के बीच हो रही कहासुनी को शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर अपने लाइसेंसी हथियार से सुरेंद्र पर ताबड़तोड़ 5 से 6 फायर कर दिए। गोली सुरेंद्र की जांघ पर लगने से वह घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार सहित मौके से फरार हो गया। घायल सुरेंद्र के बयान पर थाना सदर नरवाना में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जींद के निर्देश पर सीआईए स्टाफ नरवाना, थाना सदर नरवाना तथा साइबर सेल की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और लगातार दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा घटना में प्रयुक्त हथियार सहित अन्य पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें