संवाद न्यूज एजेंसी जींद। शहर से गुजर रही हांसी ब्रांच नहर में नहाते समय एक युवक बह गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरो को बुलाया, लेकिन शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं लगा। बुधवार दोपहर को दुर्गा कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय युवक दीपक ने रेलवे पुल के पास नहर में छलांग लगा दी। जब वह पानी के ऊपर नहीं आया तो अन्य नहा रहे युवकों ने शोर मचाया। उन्होंने युवक को नहर में तलाश किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। जैसे ही इस घटना की सूचना पुलिस को मिली तो तुरंत पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गोताखोरों को बुलाया और नहर में सघन अभियान चलाया, लेकिन घटना के चार घंटे बाद भी युवक के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है।