रेलवे जंक्शन पर बाहर और अंदर हर सामान की बारीकी से की जांच संवाद न्यूज एजेंसी जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने रेलवे जंक्शन पर सघन जांच अभियान चलाया। बुधवार को डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की टीम रेलवे स्टेशन पहुंची तथा स्टेशन परिसर के अंदर व बाहर हर स्थान की बारीकी से तलाशी ली। सुरक्षा एजेंसियों ने प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग क्षेत्र, वीआईपी मार्ग और स्टेशन परिसर में रखे सामान की गहन जांच की। जांच अभियान के दौरान डॉग स्क्वायड के प्रशिक्षित श्वानों की सहायता से स्टेशन के प्रत्येक हिस्से को खंगाला गया। वहीं बम निरोधक दस्ते ने आधुनिक उपकरणों की मदद से संदिग्ध वस्तुओं और संभावित सुरक्षा खतरों की जांच की। स्टेशन परिसर में मौजूद लावारिस सामान पर विशेष नजर रखी गई और सुरक्षा मानकों के अनुसार उसकी जांच की गई। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों और वाहनों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों के अनुसार प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए रेलवे जंक्शन पर सुरक्षा के बहुस्तरीय इंतजाम किए जा रहे हैं। कार्यक्रम से पहले स्टेशन परिसर की लगातार जांच की जाएगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत रेलवे पुलिस या सुरक्षा कर्मियों को दें।