अमर उजाला के सामाजिक सरोकारों से जुड़े अपराजिता कार्यक्रम के तहत विशेष सत्र में कॉलेज प्रवक्ता डॉ. सुमिता आसरी ने छात्राओं को रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। इसमें करियर निर्माण के लिए पढ़ाई के साथ-साथ भविष्य की ठोस तैयारी के लिए प्रेरित करना रहा। डॉ. आसरी ने कहा कि बीए जैसी सामान्य डिग्री के बाद भी अवसरों की कमी नहीं है, आवश्यकता है सही दिशा और तैयारी की। उन्होंने बताया कि छात्राएं शिक्षा, बैंकिंग, बीमा, रेलवे, एसएससी, हरियाणा व केंद्र सरकार की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकती हैं। इसके अलावा निजी क्षेत्र में कंटेंट राइटिंग, डिजिटल मार्केटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट, एचआर, कस्टमर सपोर्ट, बीपीओ, पर्यटन, पत्रकारिता, फैशन डिजाइनिंग और इवेंट मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में भी व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। स्वरोजगार के विषय में उन्होंने बताया कि आज के दौर में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से घर बैठे काम शुरू किया जा सकता है। ट्यूशन सेंटर, कोचिंग क्लास, ब्यूटी एवं वेलनेस, बुटीक, हस्तशिल्प, ब्लॉगिंग, यूट्यूब चैनल, फ्रीलांसिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग और डेटा एंट्री जैसे कार्य छात्राएं कम निवेश में शुरू कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर बनने के लिए स्किल डेवलपमेंट कोर्स, कंप्यूटर दक्षता और संचार कौशल पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।