नरवाना। नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल मंगलवार को 13वें दिन भी जारी रही। अपनी 17 सूत्रीय मांगों के समर्थन में कर्मचारियों ने मंगलवार को दो घंटे का गेट बंद आंदोलन किया। सुबह नौ बजे कर्मचारियों ने नगर परिषद के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और गेट के सामने धरना देकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान नगर परिषद के अन्य कर्मचारियों को भी करीब दो घंटे तक बाहर इंतजार करना पड़ा। कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से सरकार के समक्ष अपनी 17 सूत्रीय मांगें रख रहे हैं। उनका कहना है कि जिन मांगों पर सरकार की ओर से सहमति बनी थी, उनके संबंध में अभी तक पत्र जारी नहीं किए गए हैं। कर्मचारियों ने सरकार से जल्द मांगों के संबंध में लिखित पत्र जारी करने की मांग की। कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक मांगों के संबंध में पत्र जारी नहीं होते, उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों का समाधान नहीं किया तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन तक बढ़ाया जा सकता है। कर्मचारी राजा राम और बंटी ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे सफाई और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी नगर परिषद के मुख्य गेट पर पहुंचे और ताला लगाकर धरने पर बैठ गए। करीब 11 बजे तक गेट बंद आंदोलन चला। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक कर्मचारियों का संघर्ष जारी रहेगा।