चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में वीरवार को 12वां स्थापना दिवस मनाया गया। इसमें शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने शुरुआत मेंं चौधरी रणबीर सिंह की प्रतिमा एवं शहीद कैप्टन पवन कुमार स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान पौधा लगाया। कुलपति प्रोफेसर डॉ. रामपाल सैनी और कुलसचिव प्रो. लवलीन मोहन ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की यात्रा (2014-2025) पर आधारित यूनिवर्सिटी डॉक्यूमेंट्री की प्रस्तुति दी गई। शिक्षा मंत्री ढांडा ने कहा कि उसे इस बात पर गर्व है कि यह विश्वविद्यालय युवाओं के भविष्य को संवारने और राष्ट्र एवं प्रदेश की प्रगति में योगदान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जींद शिक्षा, संस्कृति, खेल, विज्ञान और परंपरा का जीवंत उदाहरण है। आने वाले समय में भारत और हरियाणा सरकार जैसी शिक्षा व्यवस्था की कल्पना कर रही हैं, उसमें यह विश्वविद्यालय प्रो. रामपाल सैनी के नेतृत्व में एक अग्रणी भूमिका निभाएगा। यह संस्थान शोध के क्षेत्र में वैश्विक स्तर की समस्याओं का समाधान प्रस्तुत करने वाली संस्था बनकर उभरेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू की गई नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 भारत की शिक्षा प्रणाली को पुनर्परिभाषित कर रही है और मुझे पूरा विश्वास है कि यह विश्वविद्यालय इस परिवर्तन की दिशा में एक सशक्त भागीदार बनेगा। इस दौरान छात्राओं द्वारा एकल एवं समूह नृत्य प्रस्तुति दी गई। विश्वविद्यालय के विकास में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं गैर शिक्षक कर्मचारियों को शिक्षा मंत्री द्वारा पुरस्कृत किया गया।