सीईटी की परीक्षा को लेकर शहर के मोतीलाल स्कूल में बने परीक्षा केंद्र पर सुबह बायोमेट्रिक में दिक्कत आने के बाद परीक्षार्थियों को बिना हाजिरी लगवाए ही परीक्षा केंद्र में बैठा दिया था। इसके बाद कुछ की हाजिरी परीक्षा केंद्रों में भी लगवाई, लेकिन परीक्षार्थियों के मुताबिक लगभग 150 परीक्षार्थी बिना हाजिरी लगवाए ही बाहर निकाल दिए। परीक्षा समाप्त होने के बाद इन विद्यार्थियों ने हाजिरी लगवाने के लिए बात की तो उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद परीक्षा केंद्र में पुलिस कर्मियों व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बहस भी हुई, लेकिन इन परीक्षार्थियों को कानून व्यवस्था बनाने के नाम पर सेंटर से बाहर भेज दिया। लगभग एक घंटा तक बहस होने के बाद इनकी सुनवाई हुई। इस दौरान अधिकतर परीक्षार्थियों परीक्षा केंद्र के बाहर से भी इंतजार कर चले गए। लगभग 20 से 30 परीक्षार्थी ही बचे थे। इनकी बाद में गेट के बाहर मशीन रखकर बायोमेट्रिक हाजिरी लगवाई गई। परीक्षार्थियों ने बताया कि उनको गुमराह किया जा रहा था कि एडीसी के निर्देश हैं कि सभी परीक्षार्थियों की हाजिरी घर से भी लगवाई जाएगी। उनको परेशानी नहीं आने दी जाएगी।