फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जींद के नरवाना में हुड्डा स्थित पार्क की ग्रिल में करंट आने से गोवंश की मौत, गौ सेवकों ने बिजली निगम पर उठाए सवाल

शहर के हुड्डा सेक्टर स्थित एक पार्क की दीवार पर लगी लोहे की ग्रिल में करंट आने से एक गोवंश की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और गौ सेवक मौके पर पहुंचे। गोवंश की मौत के बाद क्षेत्र के लोगों में रोष देखने को मिला और उन्होंने बिजली निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोवंश पार्क के पास घूम रहा था। इसी दौरान वह दीवार पर लगी लोहे की ग्रिल के संपर्क में आ गया। ग्रिल पर बिजली के पोल से एक तार बंधी हुई थी जिस कारण ग्रिल में करंट प्रवाहित होने के कारण गोवंश को जोरदार झटका लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंचे गौ सेवक रामजाने ने कहा कि यह बिजली निगम की बहुत बड़ी लापरवाही है, जिसका शिकार आज यह बेजुबान गोवंश हो गया और अपनी जान गंवा बैठा। उन्होंने कहा कि निगम अधिकारियों को कई बार शहर में लगे बिजली के पोलों, नीचे लटक रही तारों और असुरक्षित बिजली मीटरों के बारे में अवगत कराया जा चुका है। बार-बार मांग की गई कि बिजली के मीटरों को ऊंचाई पर लगाया जाए तथा लटकती हुई तारों को ऊपर खिंचवाकर सुरक्षित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो। रामजाने ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायतों के बावजूद अब तक बिजली निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाते तो आज यह हादसा नहीं होता। गौ सेवकों और स्थानीय लोगों ने निगम प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा शहर में बिजली व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की मांग की है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें