रोहतक रोड पर एचपी प्लांट के सामने आवारा पशु आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक मजदूरी कर घर लौट रहा था। बुढ़ा बाबा बस्ती निवासी 28 वर्षीय दीपक रोहतक रोड पर ट्रक बॉडी मार्किट में मजदूरी करता था। मंगलवार को भी वह मजदूरी पर गया हुआ था। शाम को काम खत्म करने के बाद बाइक पर घर की तरफ लौट रहा था। जब वह एचपी प्लांट के सामने पहुंचा तो अचानक सामने आवारा पशु आ गया, जिससे उसकी बाइक पशु से टकरा गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसको राहगीरों ने तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। युवक दो बच्चों का पिता था। पुलिस ने बुधवार को इत्तफाकिया कार्रवाई कर शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।