उचाना मंडी में बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। रेलवे रोड स्थित एक मोबाइल व करियाना की दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार रेलवे रोड, उचाना मंडी में स्थित श्री लक्ष्मी मोबाइल व करियाना स्टोर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़क उठी। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दुकान में रखा मोबाइल, एक्सेसरीज़, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य सामग्री पूरी तरह जल चुकी थी। दुकान मालिक मनोज कुमार ने बताया कि उनकी दुकान में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके चलते आग लग गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में करीब 18 से 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने से दुकान के अंदर रखा पूरा स्टॉक नष्ट हो गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। आग पर काबू पाने के बाद स्थिति सामान्य हुई। गनीमत यह रही कि हादसे के समय दुकान बंद थी और कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और मामले की जानकारी संबंधित विभाग को दे दी गई है।