हरियाणा के बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव बालौर के युवा मुक्केबाज़ यश यादव ने उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित अंडर-17 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। 50 किलोग्राम वर्ग में खेलते हुए यश यादव ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में किर्गिस्तान के मुक्केबाज़ को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और भारत के लिए पदक पक्का किया। सेमीफाइनल में कड़े मुकाबले के बाद उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया। यश की इस उपलब्धि से गांव बालौर और बहादुरगढ़ क्षेत्र में खुशी का माहौल है। गांव पहुंचने पर बालौर ग्राम पंचायत और ग्रामीणों ने यश यादव का फूल-मालाओं के साथ ढोल-नगाड़ों एवं जोरदार स्वागत किया। पंचायत की ओर से यश को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। गांव बालोर के सरपंच राजेश यादव ने और खेल प्रेमियों ने कहा कि यश यादव ने पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है और उनकी यह सफलता अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनेगी। कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर यश ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन के दम पर युवा खिलाड़ी देश का नाम विश्व मंच पर रोशन कर सकते हैं।