क्षेत्र के गांव सासरौली निवासी भीम अवार्डी व अर्जुन अवार्डी पहलवान वीरेंद्र सिंह उर्फ गुंगा पहलवान ने गुरुग्राम स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित डेफ चैंपियनशिप में जिले का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 79 किलो भार वर्ग में अपने विरोधी पहलवान को 10-0 से हराते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपना चयन पक्का किया। इससे क्षेत्र में खुशी की लहर है। यह प्रतियोगिता गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में 24 दिसंबर बुधवार को यह प्रतियोगिता आयोजित हुई है, जिसमें जाने माने मूकबधिर खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है। पहलवान के स्वर्ण पदक प्राप्त करने व राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में चयनित होने पर झज्जर कुश्ती परिवार व अखाड़ा संचालकों में खुशी की लहर है। अब वे फरवरी में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय की कुश्ती प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। उसमें विजयी होने के बाद जून में आयोजित एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे। गौरतलब है कि पैर में चोट लगने के कारण वे जुलाई से अक्तूबर तक घर पर रहे और अभ्यास नहीं कर पाएं थे, जिस कारण वे 2025 में आयोजित डेफ ओलंपिक में भी हिस्सा नहीं ले पाएं। वीरेंद्र सिंह उर्फ गुंगा पहलवान ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है कि मेरे देशवासियों मेरी कलम बहुत दिनों से खामोश थी। चोट के कारण डेफ ओलंपिक 2025 नहीं खेल सका। एक बार फिर से हरियाणा राज्य मूक-बधिर कुश्ती प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।