रोड क्रासिंग की समस्या से जूझ रहे गांव गिरावड़ व सुर्खपुर के ग्रामीण बुधवार को सड़कों पर उतर आए। यहां उन्होंने गांव गिरावड़ में वर्लड मैडिकल कॉलेज के पास सोनीपत हाईवे जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग यहां पर स्पीड़ ब्रेकर बनाने और फ्लाईओवर की थी। ग्रामीणों का कहना था कि सोनीपत हाईवे साल 2019 में बना था। उसके बाद से ही गांव सुर्खपुर, गिरावड़, बिरधाना सहित क्षेत्र के पांच गांवों के ग्रामीण सड़क क्रासिंग की समस्या से जूझ रहे है। ग्रामीणों को जहां दिनभर अपने खेतों में आवागमन करना पड़ता है वहीं इन गांवों के स्कूल,कॉलेज में पढ़ने वाले बच्चें भी सड़क क्रासिंग की समस्या से जूझ रहे है। जाम लगाए जाने की वजह से इस व्सस्त रोड़ पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम लगाए जाने की सूचना जैसे ही प्रशासन को मिली तो प्रशासन ने त्वरित कार्यवाहीं के तहत स्थानीय नायब तहसीलदार और एसीपी अनिल को मौके पर भेजा। काफी देर तक समझाए-बुझाए जाने के बाद ग्रामीण जाम खोलने को राजी हुए। अधिकारियों की तरफ से ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया कि उनकी समस्या का स्थाई समाधान कुछ रोज के भीतर कर दिया जाएगा। जाम खोलने के बाद ग्रामीणों ने चेतावनी भी दी कि यदि समय रहते उनकी समस्या का स्थाई समाधान नहीं हुआ तो वह यहां एक बार फिर आकर न सिर्फ धरना देंगे बल्कि जाम भी लगा देंगे।