स्पेशल स्टाफ झज्जर की पुलिस टीम ने एक लड़के पर जानलेवा हमला करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। स्पेशल स्टाफ झज्जर प्रभारी उप निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि सोमबीर निवासी अकेडमी मदनपुर ने शिकायत देते हुए बताया था कि 22 जून को उसका लड़का गांव के बस स्टैंड पर एक दुकान पर बैठा हुआ था तभी अचानक से पवन निवासी एकेडमी मदनपुर और कुछ लड़के बाइक पर सवार होकर आए, जिनके हाथों में धारदार हथियार थे। उन्होंने एकदम से दुकान में अंदर घुसकर उसके लड़के आर्यन पर जानलेवा हमलाकर दिया। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थाना साल्हावास में आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने दो आरोपियों सोनू और पवन निवासी अकेहडी मदनपुर को गिरफ्तार किया है। उन्हें अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश अनुसार आरोपियों को पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।