गांव गुभाना स्थित लोकहित पुस्तकालय में लोकहित समिति के तत्वावधान में अमर शहीद सरदार ऊधम सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समिति सदस्यों एवं ग्रामीणों ने शहीद ऊधम सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोकहित समिति के अध्यक्ष नरेश कौशिक ने शहीद ऊधम सिंह के जीवन एवं बलिदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड का प्रतिशोध लेने के लिए लंदन में जाकर माइकल ओ'ड्वायर की हत्या करने वाले सरदार ऊधम सिंह अदम्य साहस, देशभक्ति और बलिदान के प्रतीक थे। उन्होंने युवाओं से शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित होने का आह्वान किया। श्रद्धांजलि सभा में सूबेदार मेजर सुरेश कुमार, जय भगवान प्रधान, पहलवान रामकुमार, सतबीर सिंह, सुदेश कौशिक, दीपक कौशिक सहित लोकहित समिति के सदस्य एवं अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।