बहादुरगढ़ के परनाला रोड स्थित ट्रक यूनियन में शनिवार तड़के चोरी की वारदात हो गई। कार में सवार होकर आए अज्ञात चोरों ने यूनियन परिसर में खड़े छह ट्रकों को निशाना बनाते हुए उनकी कुल 12 बैटरियां चोरी कर लीं। बताया जा रहा है कि यह घटना सुबह करीब 4 बजे के आसपास हुई, जब चोर एक कार में सवार होकर ट्रक यूनियन पहुंचे। चोरों ने ट्रकों खिड़की और शीशे तोड़कर अंदर से बैटरियां निकाल लीं और मौके से फरार हो गए। सुबह जब ट्रक मालिक अपने वाहनों के पास पहुंचे तो ट्रकों के टूटे हुए शीशे देखकर उनके होश उड़ गए। जांच करने पर पता चला कि छह ट्रकों से 12 बैटरियां चोरी हो चुकी हैं। इसके बाद ट्रक मालिकों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। ट्रक यूनियन के प्रधान संजय की ओर से इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें एक कार में सवार होकर आए तीन से चार संदिग्ध चोर दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद ट्रक यूनियन के सदस्यों में भी रोष देखा जा रहा।