झज्जर में दूसरे चरण की ब्लॉक स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन किया गया। सड़क सुरक्षा नियमों की जागरूकता के बारे में आयोजित परीक्षा में विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। जिला के विभिन्न स्कूलों, कॉलेज, शैक्षणिक संस्थाओं में आयोजित ब्लाक स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा में 6591 से ज्यादा विद्यार्थी शामिल हुए। यातायात नियमों की जानकारी तथा नियमों की पालना के प्रति छात्र छात्राओँ को प्रेरित करने के उदेश्य से झज्जर पुलिस द्वारा चलाये गए विशेष जागरूकता अभियान के बाद जिला में प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन किया गया। पुलिस कमिश्नर बी सतीश बालन के मार्गदर्शन में झज्जर पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा यातायात नियमो की जानकारी देने व सड़क दुर्घटनाओ को रोकने तथा सड़क सुरक्षा के नियमो की पालना करने के प्रति छात्र छात्राओं को प्रेरित करने के उदेश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। जागरूकता अभियान की सफलता को सुनिश्चित करने के लिए एसीपी धर्मबीर सिंह को नोडल अफसर की जिम्मेवारी सौपी गई। झज्जर यातायात पुलिस के समन्वयक उप निरीक्षक सत्यप्रकाश ने बताया कि वीरवार को जिला के विभिन्न स्कूलों, कॉलेज, व शैक्षणिक संस्थाओं में खंड स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस कमिश्नर बी सतीश बालन के दिशा निर्देशानुसार जिला में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए स्कूल, कॉलेज व अन्य शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों बारे जानकारी देकर जागरूक करने का अभियान चलाया गया। जागरूकता अभियान के पश्चात सुरक्षा सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी बारे क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि जिला के लगभग सभी स्कूल कॉलेज व अन्य शैक्षणिक संस्थानों में सड़क सुरक्षा नियमो सेi सम्बंधित पहले चरण की लिखित प्रतियोगी परीक्षा बीते 12 नवंबर को आयोजित हुई थी, जिसमें एक लाख 60 हजार से ज्यादा विधार्थियों ने भाग लिया था। उपरोक्त प्रतियोगी परीक्षा में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले जिला के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र छात्राओं को दूसरे चरण की ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा में बैठने का अवसर मिला है।उन्होंने बताया कि आज जिला के पांच खण्डों झज्जर, बेरी, बहादुरगढ़, मातनहेल तथा साल्हावास के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में इस परीक्षा का आयोजन किया गया था।