शहर में बढ़ते अतिक्रमण को देखते हुए नगर पालिका द्वारा बुधवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर पालिका की टीम ने मुख्य बाजार और आसपास सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। अचानक हुई इस कार्रवाई से दुकानदारों और ठेला संचालकों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार अपनी दुकानों के आगे रखे सामान को जल्दी-जल्दी हटाते नजर आए। नगर पालिका सचिव पूजा साहू के नेतृत्व में कर्मचारी और पुलिस बल की मौजूदगी में यह अभियान चलाया गया। टीम ने दुकानों के आगे अतिक्रमण को हटवाया और दुकानदारों का सामान भी जब्त किया गया। इस दौरान नगर पालिका की टीम ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करें। पालिका सचिव का कहना है कि बाजार और प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण के कारण आमजन व वाहन चालकों को परेशानी होती हैं, जिसके चलते नगर पालिका ने यह अभियान चलाया है। उन्होंने कहा कि सड़क और फुटपाथ आम जनता के लिए होते हैं, इसलिए उन पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर पालिका सचिव पूजा साहू का कहना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए आगे भी इस प्रकार के अभियान लगातार चलाए जाएंगे। अधिकारियों ने दुकानदारों से अपील की है कि वे सड़क और फुटपाथ पर कब्जा न करें और नगर पालिका के नियमों का पालन करें। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला और लोग नगर पालिका की इस सख्त कार्रवाई को लेकर चर्चा करते नजर आए।