एसडीएम अभिनव सिवाच ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ मंगलवार की देर शाम शहर में विभिन्न होटल, निजी अस्पताल और रेस्टोरेंट व दुकानों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान गैस सिलेंडरों के उपयोग और उपलब्धता की गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान टीम ने यह सुनिश्चित किया कि कहीं भी गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण या दुरुपयोग न हो रहा हो। एसडीएम अभिनव सिवाच ने स्पष्ट किया कि प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि आम उपभोक्ताओं को गैस की कृत्रिम किल्लत या बढ़ी हुई कीमतों का सामना न करना पड़े। जांच के दौरान जीवन ज्योति हॉस्पिटल के किचन से घरेलू उपयोग के तीन गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनका व्यावसायिक कार्य में उपयोग किया जा रहा था। दिल्ली-रोहतक रोड स्थित एक रेस्टोरेंट (बर्गर किंग),दलाल डेयरी, होटल, बीकानेर स्वीट्स झज्जर रोड से 49 कमर्शियल गैस सिलेंडर पाए गए, जिनका संतोष जनक जवाब व रिकॉर्ड नहीं मिलने पर इन सभी 49 सिलिंडर को जब्त कर लिया गया। एसडीएम ने संबंधित संचालकों को निर्देश दिए कि गैस सिलेंडरों का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एसडीएम ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण या दुरुपयोग की जानकारी मिले तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। इस मौके पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के उप निरीक्षक श्रीकांत और धर्मपाल मौजूद रहे।