नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर बुधवार को बहादुरगढ़ में दो दिवसीय झाड़ू प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन की अध्यक्षता इकाई प्रधान राजेश बालगुहेर ने की, जबकि मंच संचालन सचिव अमित ने किया। तुलाराम पार्क से शुरू हुआ प्रदर्शन झज्जर रोड होते हुए नगर परिषद कार्यालय के गेट पर पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान जिला प्रधान राजेंद्र तूषामड ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि 1 से 14 मई तक चली हड़ताल के बाद सरकार और कर्मचारी नेताओं के बीच 22 में से 17 मांगों पर सहमति बनी थी। सरकार ने 30 जून तक मांगों से संबंधित आदेश जारी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक एक भी पत्र जारी नहीं किया गया। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें लागू नहीं की गईं तो पूरे हरियाणा में दोबारा बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।