बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ सोमवार को झज्जर का संत समाज सड़कों पर उतर पड़ा। सड़कों पर बांग्लादेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और भारत की सरकार के साथ-साथ यूएनओ से भी हिंदू विरोधी बांग्लादेश सरकार के खिलाफ कार्यवाहीं किए जाने की मांग की गई। प्रदर्शन करने से पहले शहर के सामाजिक व स्वयंसेवी संगठनाें के अलावा हिंदू संगठन यहां संत समाज के साथ पुराना बस स्टेंड परिसर में एकत्रित हुए। यहां सभी ने एकमत से अपनी आवाज बुलन्द करते हुए बांग्लादेश सरकार को हिंदू विरोधी बताया और कहा कि बांग्लादेश में जान-बूझ कर हिंदुओं काे अपना निशाना बनाया जा रहा है। ऐसे में यूएनओ का भी फर्ज बनता है कि ऐसी तानाशाही सरकार के खिलाफ कार्यवाहीं करे। सभी ने बांग्लादेश की तत्कालीन शेख हसीना सरकार की प्रशंसा की और कहा कि अलोकतांत्रित तरीके से वहां की शेख हसीना सरकार का तख्ता पलट कर वहां की कुर्सी को असंवैधानिक तरीके से हथिया लिया गया। बाद में सभी लोग काफी संख्या में एकत्रित होकर यहां से शहर के अम्बेड़कर चौक,सरकूलर रोड़,सिलानीगेट,राव तुलाराम चौक से होते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। यहां पहुंच कर जिला प्रशासन के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि देश के राष्ट्रपति,प्रधानमंत्री,तमाम राज्यों के राज्यपाल और मुख्यमंत्री बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ अपनी आवाज बुलन्द करे और यूनएओ तक अपनी बात पहुंचाए। ज्ञापन में यूएनओ से भी मांग की गई कि वह वहां के हिंदू विरोधी बांग्लादेश सरकार के खिलाफ कार्यवाही करे।