वार्ड-31 में गंदे और कम पानी की सप्लाई से परेशान लोगों ने सोमवार को पब्लिक हेल्थ विभाग कार्यालय पर धरना देकर प्रदर्शन किया। पार्षद प्रतिनिधि सिकंदर के नेतृत्व में पहुंचे सैकड़ों वार्डवासियों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कई बार अधिकारियों को शिकायत देने और कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। लोगों को पीने के लिए साफ पानी तक नहीं मिल पा रहा है, जबकि भीषण गर्मी में स्थिति और गंभीर हो गई है। सिकंदर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वार्ड-31 के लोग बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और पब्लिक हेल्थ विभाग की होगी। धरने में जिले सिंह, संदीप छिकारा, दीपक, रामू, सुमित्रा, कृष्णा, बिंदा कुमारी, परमिला, पूनम, राजेश सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और बुजुर्ग मौजूद रहे।