कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा वोट चोर गद्दी छोड़ प्रदर्शन पर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि कोई वोट चोरी नहीं हुई है, बल्कि कांग्रेसियों की बुद्धि भ्रष्ट हो चुकी है। वह रविवार को मार्केट कमेटी के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन के पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टों पर कालिख पोतने के मामले पर ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि यह कांग्रेसियों की बुद्धि का दिवालियापन है। धनखड़ का भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि सतबीर यादव और जसबीर अहरी को झज्जर मार्केट कमेटी के प्रधान और उपप्रधान बनने पर बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि दोनों मिलकर किसानों की सेवा करेंगे और अनाज मंडी का विकास करेंगे। उन्होंने कहा कि मंडी का कारोबार बढ़ाने और साफ सफाई की व्यवस्था के लिए काम करेंगे।