बहादुरगढ़ नगर परिषद में चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले में अब नया मोड़ आ रहा है। बहादुरगढ़ से निर्दलीय विधायक राजेश जून के नेतृत्व में नगर परिषद के कई पार्षद वीरवार को झज्जर स्थित लघु सचिवालय पहुंचे और डीसी से मुलाकात कर अपनी समस्याओं और पक्ष को रखा। इस दौरान विधायक ने जिला नगर आयुक्त का समर्थन किया। विधायक ने बताया कि उन्होंने सरकार को समर्थन दिया हुआ है और वह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सिपाही के रूप में कार्य कर रहे हैं। उनका दायित्व है कि बहादुरगढ़ में विकास कार्य सुचारू रूप से चलते रहें। उन्होंने कहा कि बहादुरगढ़ को एक ईमानदार और मेहनती जिला नगर आयुक्त मिला है, जो पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। जून ने कहा कि जिला नगर आयुक्त अभिनव सिवाच ने कार्यभार संभालने के बाद से शहर में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अवैध निर्माण, अवैध कॉलोनियां और सरकारी जमीनों पर कब्जे कर बैठे हैं, ऐसे मामलों में जिला नगर आयुक्त नियमानुसार नोटिस जारी कर रहे हैं।