योगा फ़ॉर हेल्दी एजिंग व योग युक्त हरियाणा-नशा मुक्त हरियाणा थीम के साथ रविवार की सुबह झज्जर रोडवेज वर्कशॉप परिसर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन हुआ। झज्जर सहित जिला के सभी ब्लाक में एक साथ जिला वासियों ने योग क्रियाओं में सहभागी बनते हुए योग किया। योग दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन के साथ राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने किया। झज्जर जिला वासियों ने योग कार्यक्रम के दौरान देश के प्रधानमंत्र नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का सम्बोधन वर्चुअल रूप से सुना। डीसी वर्षा खांगवाल ने कार्यक्रम के आयोजन के उद्देश्य से अवगत कराया और जिला वासियों को योग को अपने जीवन की दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। योग प्रोटोकॉल के तहत सभी ने मिलकर योगाभ्यास किया। अतरराष्ट्रीय थीम - योगा फ़ॉर हेल्दी एजिंग के लिए योग के अनुरूप काफी संख्या में वृद्धजनों व युवाओं ने योग करते हुए स्वस्थ रहने का संदेश दिया।योग कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मीकि, भाजपा नेता प्रदीप अहलावत, भाजपा नेत्री सुनीता चौहान, नगर परिषद चेयरमैन जिले सिंह सैनी सहित प्रशासन की ओर से एडीसी जगनिवास व सीटीएम रितू सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे। जिला स्तरीय योग कार्यक्रम में शिक्षा, कौशल विकास व आयुष विभाग की उल्लेखनीय भागीदारी रही। सांसद सुभाष बराला ने कार्यक्रम में योग के प्रति समर्पित भावना से सहभागी बनने वाले योग प्रेमियों को सम्मानित भी किया।