आज आयोजित हो रही राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) को लेकर परीक्षार्थी केंद्रों पर पहुंच गए हैं। परीक्षा भी शुरू हो गई हैं, लेकिन परीक्षा के चलते आज पूरा शहर जाम मय हो गया। शहर के बर्फखाना रोड, पुरानी तहसील रोड रोड से यादव धर्मशाला और राव तुलाराम चौक तक जाम लगा रहा। पुलिस ने आंबेडकर चौक, यादव धर्मशाला और एसएसए कार्यालय के पास नाके लगाए हुए थे, जिस कारण वाहनों को आगे नहीं जाने दिया गया। इस कारण यहां पर जाम की स्थिति बनी रही। जाम को खुलवाने के लिए ट्रैफिक पुलिस को लगाया गया था, लेकिन परीक्षा के दौरान शहर में जाम की स्थिति बनी रही। जिले में छह परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं व परीक्षार्थियों की सुविधा, परीक्षा केंद्रों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन ने एनटीए के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक सेंटर पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट व अन्य अधिकारियों की तैनाती की है। इस दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटो स्टेट की दुकानें भी बंद रहेंगी व निर्धारित संख्या से अधिक लोगों के एकत्र होने पर पूर्ण रूप से पाबंदी हैं। इन आदेशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।