भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कृषि ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान भाकियू ने बेरी के भागलपुरी चौक पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला फूंका। किसान सुबह 11 बजे बेरी के दुजाना चौक पर एकत्रित हुए। यहां से वह रोष मार्च निकालते हुए बेरी के भागलपुरी चौक पर पहुंचे और पुतला फूंका। इस दौरान बेरी दुजाना चौक से भागलपुरी चौक तक पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन का नेतृत्व भाकियू की जिला अध्यक्ष ममता कादयान ने किया। जिला अध्यक्ष ममता कादयान ने कहा कि किसान अपनी जीविका चलाने के लिए खेती करते हैं, जबकि अमेरिका के देशों में खेती व्यापार के तरीके से की जाती है। अमेरिका में सैकड़ों एकड़ के किसान हैं, जबकि भारत में मात्र दो-तीन एकड़ का किसान है। भारत का किसान अमेरिका के किसान का मुकाबला नहीं कर सकता है। जिस के तहत डेरी फार्म, कपास, मक्का, सोयाबीन इत्यादि फसलों का आयात अमेरिका से होगा तो देश के किसान बर्बाद हो जाएंगे। ममता कादयान ने कहा कि यदि सरकार ने यह डील रद्द नहीं की तो 23 मार्च की रैली में किसान सरकार से आर पार की लड़ाई की घोषणा करेंगे। उन्होंने कहा कि ट्रेड डील से सरकार ने देश की कृषि व किसानों की बोली लगा दी है। इससे देश, कृषि, किसान और अर्थ व्यवस्था पूरी तरह तबाह हो जाएगी। अमेरिका से जीरो प्रतिशत टैक्स पर सामान आयत होगा और जो सामान हमारे देश से अमेरिका जाएगा उस पर 18 प्रतिशत टैक्स लगाया जाएगा। इस मौके पर भाकियू युवा ब्लॉक अध्यक्ष अनिल दुबलधन, राजीव उर्फ काले बेरी, तेजबीर बाघपुर, राजू गोच्छी, सुनील, जयपाल मांगावास, पवन अच्छेज, ओम, सुरेंद्र, दिलबाग, ओमप्रकाश, राज सिंह, प्रधान तख्त सिंह, दलबीर वजीरपुर, जयबीर, राज पहाडीपुर, संदीप नंबरदार, श्रीभगवान, अनिल माजरा आदि मौजूद रहे।