स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत झज्जर शहर में शुक्रवार की सुबह तिरंगा यात्रा निकली। तिरंगा यात्रा ने पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति और एकता के रंग में रंग दिया। देश प्रेम के साथ ही नारी सशक्तिकरण के संदेश के साथ हर घर तिरंगा अभियान की अगुवाई जिला की महिला अधिकारियों ने की। डीसी वर्षा खांगवाल व डीसीपी धारणा यादव के नेतृत्व में जिला सैनिक बोर्ड स्थित शहीद स्मारक से शुरू हुई विशाल तिरंगा यात्रा में हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए नागरिकों के जोश, देशभक्ति के गीतों और ‘भारत माता की जय’ के नारों से शहर का वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि तिरंगा केवल एक राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगे के साथ करोड़ों भारतीयों की भावनाएं और देश के वीर सपूतों के बलिदान की गौरवगाथा जुड़ी हुई है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता तथा जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करें।