एचएसआईआईडीसी सेक्टर-16 स्थित एक फुटवियर फैक्ट्री में बुधवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग “सुपर किक्स” नाम की फैक्ट्री (प्लॉट नंबर 168) में लगी है। फैक्ट्री मालिक दिल्ली निवासी विभोर है। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार फैक्ट्री के पीछे स्थित एक वेल्डिंग यूनिट में काम के दौरान शेड में आग लगी, जिसने तेजी से फैलकर पास की फुटवियर फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग सबसे पहले फैक्ट्री के प्रथम तल पर भड़की, जहां तैयार माल और मशीनरी रखी हुई थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और अंदर रखा स्टॉक व मशीनें जलकर खाक हो गईं। फैक्ट्री में करीब 100 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। घटना के समय कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा रहा है। फिलहाल ग्राउंड फ्लोर को सुरक्षित बताया जा रहा है, जिससे कुछ हद तक नुकसान सीमित रहा है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर वेल्डिंग के दौरान चिंगारी से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।