झज्जर में झज्जर-बादली मार्ग पर बाईपास के पास एक डेयरी फार्म में बने कमरे में एक युवक ने फांसी का फंदा लगाकर मौत को गले लगा लिया। युवक के आत्महत्या करने के पीछे कारण क्या रहे, इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है। मृतक की पहचान भट्ठी गेट निवासी 38 वर्षीय अनिल पुत्र राजबीर के तौर पर हुई है। पुलिस को सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक युवक के शव को अपनी उपस्थिति में फांसी के फंदे से नीचे उतरवाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार मृतक युवक ने यहां बादली बाईपास के पास ही एक डेयरी फार्म बना रखा था। वहीं पर एक कमरे में अनिल ने पंखे के हुक पर फांसी का फंदा लगा लिया। इस मामले में पुलिस ने युवक के पिता की सूचना पर 174 की कार्रवाई की है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की आगामी कार्रवाई की।