पीएनबी के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में सहायक बुक कीपर प्रशिक्षण बैच का आयोजन किया गया। इसमें महिला थाना प्रभारी डॉ. किरण महिला ने दौरा कर प्रशिक्षार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने अभ्यर्थियों को आर्थिक स्वतंत्रता और कौशल विकास के महत्व पर स्पष्ट, व्यावहारिक और प्रेरक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण सिर्फ सिद्धांत नहीं है। यह रोजगार, आत्मनिर्भरता और निर्णय लेने की क्षमता से वास्तविक रूप से हासिल होता है। जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होती हैं तो पूरा परिवार और समाज मजबूत होता है। उन्होंने महिलाओं को निडर होकर आगे बढ़ने, कार्यस्थल पर अपने अधिकारों को समझने और किसी भी प्रकार की हिंसा या भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाने के लिए भी प्रोत्साहित किया। संस्थान के निदेशक उमेश कुमार भुक्कर ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से प्रशिक्षार्थियों, खासकर महिला उम्मीदवारों में मजबूत आत्मविश्वास और भविष्य के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण विकसित होगा। उपस्थित प्रशिक्षार्थियों ने कॅरिअर, सुरक्षा और व्यावहारिक जीवन कौशल से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका एसएचओ ने वास्तविक अनुभव आधारित समाधान दिया।