गांव गोच्छी से गुजर रही जवाहर लाल नेहरू कैनाल नहर में पैर फिसलने से डूबे किसान पंकज का शव 36 घंटे बाद भी नही मिला। शनिवार को किसान के शव को ढूढ़ने के लिए एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमें लगी हुई हैं, लेकिन शव मिला नही हैं। गौरतलब है कि डूबे किसान को ढुढ़ने के लिए शुक्रवार को कई घंटों तक चले सर्च अभियान के बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया था। जानकारी के अनुसार गांव गोच्छी निवासी 25 वर्षीय किसान पंकज शुक्रवार को अपनी मां के साथ खेत में गया था। खेत में काम करने के बाद हाथ-पैर धोने के लिए नहर के किनारे गया था। इस दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गया। यह देखकर उसकी मां ने मदद के लिए लोगों को बुलाया। कुछ लोग मौके पर भी आए, लेकिन वह नहीं दिखा। इसके बाद सूचना पुलिस व एसडीआरएफ को दी गई। एसडीआरएफ की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। गोताखोरों ने नहर में कई स्थानों पर तलाश की और जलधारा के बहाव को देखते हुए काफी दूर तक सर्च अभियान चलाया। स्थानीय ग्रामीण भी पूरे समय मौके पर मौजूद रहे और प्रशासन का सहयोग करते रहे।