फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहादुरगढ़ ठेकेदार के कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल, पूरे शहर की सफाई व्यवस्था चरमराई, नहीं हुआ 60 टन कूड़े का उठान

बहादुरगढ़। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल में अब ठेकेदार के कर्मचारियों के भी शामिल होने से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पहले जहां 13 वार्डों में ही सफाई व्यवस्था प्रभावित थी, वहीं वीरवार से पूरे शहर में सफाई व्यवस्था ठप होने लगी है। कूड़े का उठान भी बंद हो गया है। नगर परिषद के सफाई निरीक्षक सुनील हुड्डा का दावा है कि चोरी-छिपे करीब 50 प्रतिशत कूड़े का उठान कराया गया है, लेकिन इसके बावजूद करीब 60 टन कूड़ा सड़कों और गलियों में पड़ा हुआ है। कालोनियों में भी जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने लगे हैं। बारिश के कारण हड़ताल लंबी चलने पर कूड़ा सड़ने से दुर्गंध और बीमारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर राज्यव्यापी हड़ताल जारी है। कर्मचारियों की मुख्य मांगों में 13 मई 2026 को सफाई कर्मचारी एवं अग्निशमन विभाग के साथ हुए समझौते को लागू करना, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा बंद करना, उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के फैसले लागू करना, एचकेआरएन को भंग करना तथा 17 मांगों पर बनी सहमति के पत्र जारी करना शामिल है। कर्मचारियों का कहना है कि छह अगस्त से हड़ताल चल रही है, लेकिन सरकार की ओर से कोई पत्र जारी नहीं किया गया और न ही बातचीत के लिए बुलाया गया। इसी के चलते हड़ताल को 15 अगस्त तक बढ़ाया गया है। बहादुरगढ़ इकाई के प्रधान राजेश बालगुहेर की अध्यक्षता में और सचिव अमित के मंच संचालन में धरना जारी है। इस दौरान जिला प्रधान राजेंद्र तूषामड, इकाई कैशियर मुकेश दरोगा, वरिष्ठ उपप्रधान लीला राम, महिला उपप्रधान ऊषा देवी, सहसचिव होशियार सिंह दरोगा, इकाई ऑडिटर सुनील, प्रचार सचिव सरोज, जिला ऑडिटर संदीप टॉक, इंद्रमल, जय भगवान, सुनीता, जिला सदस्य सोनू, पूर्व कैशियर संदीप, नन्दराम दरोगा, कुलदीप दरोगा, सफाई कर्मचारी भीम सिंह, बिटु, प्रीतम, मनजीत, विक्रांत, अमन, कांता, प्रमिला, उषा, अनीता व पे-रोल के सभी सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें