महाराजा अग्रसेन जिला नागरिक चिकित्सालय वीरवार को मेडिकल और ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) बनवाने के लिए 200 से अधिक युवा उमड़े। इस कारण वहां चार लाइन लगाने के बावजूद घंटेभर तक इंतजार करना पड़ा। इनमें से अधिकतर लोग आंखों की जांच कराने पहुंचे थे। इस कारण भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वार्डब्वाय आदि सहायक कर्मचारियों को घंटों तक जूझना पड़ा। नेत्ररोग विभाग में डॉ. विजय और डॉ. संदीप जांगड़ा समेत पूरी टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। गांव मिर्जापुर से आए रमेश चंद्र, गांव मंगाली के उमेश, गांव गंगवा के परमानंद, कैमरी के मुकेश कुमार आदि ने बताया कि वह लोग सेना, बीएसएफ, एसएसबी समेत दिल्ली और हरियाणा पुलिस की भर्ती के लिए जा रहे हैं। इसलिए उन्हें मेडिकल की जरूरत है। गांव कनोह के संदीप कुमार, भोजराज के प्रमोद कुमार, गांव नियाणा के रविंद्र राणा ने बताया कि अपने साथियों का डीएल बनवाने के लिए आए थे लेकिन इसके लिए जरूरी जांच प्रक्रिया में अधिक समय लगने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।