संवाद न्यूज एजेंसी हांसी। गांव चानौत में पेयजल की मांग को लेकर एसपी व डीसी की प्रेसवार्ता के बाद आमरण अनशन पर बैठे ग्रामीणों ने प्रेसवार्ता कर अपना पक्ष रखा। अनशनकारियों ने शपथपत्र जारी करते हुए कहा कि वे किसी दबाव, प्रलोभन या बहकावे में नहीं हैं। बल्कि अपनी इच्छा से गांव के पीने के पानी के अधिकार के लिए आमरण अनशन पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई गांव के वर्तमान और भविष्य दोनों के लिए लड़ी जा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन समस्या का समाधान निकालने के बजाय प्रेसवार्ता के माध्यम से उनकी आवाज दबाने और जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। उनका कहना है कि वे केवल अपने हिस्से के पीने के पानी की मांग कर रहे हैं, जो उनका मूलभूत अधिकार है। अनशनकारियों की तरफ से जारी शपथपत्र में कहा गया है कि यदि उनके स्वास्थ्य या जीवन को किसी प्रकार की क्षति पहुंचती है तो इसके लिए विधायक विनोद भयाना, एसपी विनोद कुमार और डीसी राहुल नरवाल जिम्मेदार होंगे। उनका आरोप है कि संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के पास समाधान की शक्ति होने के बावजूद अभी तक उनकी मांग पूरी नहीं की गई। धरना कमेटी और अनशनकारियों ने प्रशासन से अपील की कि चेतावनियों और आरोप-प्रत्यारोप के बजाय बातचीत के जरिए समाधान निकाला जाए, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। धरना कमेटी ने कहा कि उन्हें राजली हेड से पानी की आपूर्ति स्वीकार नहीं है। उनकी मांग है कि गांव से होकर गुजरने वाली शहरी पेयजल पाइपलाइन से ही चानौत को कनेक्शन दिया जाए। उनका दावा है कि इससे सरकार के करोड़ों रुपये की बचत होगी और भविष्य में बिजली तथा मोटर संबंधी समस्याओं से भी राहत मिलेगी। अनशनकारियों की बिगड़ रही तबीयत चानौत में धरना आज 35वें दिन और आमरण अनशन 11वें दिन में प्रवेश कर गया। स्वास्थ्य जांच में 81 वर्षीय टेकराम दूहन और बलवान दूहन का रक्तचाप काफी कम पाया गया। वहीं राजकुमार धानक की हृदय गति बढ़ने और दिलबाग दूहन को उल्टी की शिकायत बताई गई। संयुक्त किसान मोर्चा ने दिया समर्थन संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि सरकार जल्द समाधान नहीं करती है तो 22 जून को हांसी की जाट धर्मशाला में एक बड़ी पंचायत आयोजित की जाएगी, जिसमें आंदोलन की आगामी रणनीति और बड़े फैसले लिए जाएंगे। दिग्विजय चौटाला ने भी दिया समर्थन चानौत के धरने को हम अपना पूर्ण समर्थन देते हैं। पार्टी चानौत गांव के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करेगी। पीने के पानी को लेकर आज जिस तरह से 21वीं सदी में भी हरियाणा की जनता को अनशन करना पड़ रहा है यह बेहद शर्म की बात है। चौटाला ने कहा की मुख्यमंत्री का एक भी बयान चानौत की जनता के लिए नहीं आया है। जबकि मुख्यमंत्री रोहतक, भिवानी और सिरसा में आते रहे हैं। दिग्विजय सिंह चौटाला ने चानौत को पूर्ण समर्थन देते हुए कहा की राजनीति से ऊपर उठकर चानौत के लोगों के साथ मिलकर हर कदम पर काम करेंगे। युवा प्रदेशाध्यक्ष ने मांग करते हुए कहा की भाखड़ा से ही चानौत को पानी मिलना चाहिए अन्य कोई रास्ता मंजूर नहीं होगा। भाजपा सरकार समय रहते भाखड़ा से चानौत के लोगों को सीधा पानी उपलब्ध करवाए अन्यथा परिणाम गम्भीर होंगे।- दिग्विजय सिंह चौटाला, युवा प्रदेशाध्यक्ष, जजपा।