संवाद न्यूज एजेंसी हांसी। नगर परिषद की बजट व हाउस बैठक शुक्रवार को आखिरकार संपन्न हो गई। इससे पहले दो बार बैठक रद्द हो चुकी थी, लेकिन इस बार काफी हंगामे और बहस के बाद बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 78 करोड़ 58 लाख रुपये का बजट पास किया गया। वहीं 13 में से 3 प्रस्तावों पर पार्षदों ने आपत्ति दर्ज करवाई। इसके अलावा 326 विकास कार्यों को भी मंजूरी मिली। बैठक में 27 में से 25 पार्षद पहुंचे। बैठक सुबह 11 बजे होनी थी। लेकिन पार्षद उससे पहले ही पहुंच गए। इस दौरान वाइस चेयरमैन अनिल बंसल के बैठने के लिए कुर्सी नहीं थी। जिस पर उन्होंने विरोध किया व उनकी अलग से कुर्सी न होने पर नाराजगी व्यक्त की। जिसके बाद अधिकारियों ने उनके लिए अलग से कुर्सी मंगवाई। पहले बजट बैठक रखी गई। जिसमें अधिकारियों ने बताया का चालू वित्त वर्ष के लिए 78.58 करोड़ रुपये का बजट रखा। जबकि पिछले वर्ष यह 51.72 करोड़ रुपये था। अधिकारियों का कहना था कि जिले को देखते हुए बजट बढ़ाया गया है। वहीं पिछले वर्ष का खर्च 50.15 करोड़ रुपये था, जिसे इस वर्ष बढ़ा कर 76.74 करोड़ रुपये रखा गया है। पार्षद सुनील ने कहा कि इससे पहले दो बार बैठक रद्द हुई थी और शहर के विकास के लिए कोई ग्रांट नहीं दी गई थी। जिसके चलते उसमें पार्षद नहीं पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि शुक्रवरा को हुई बैठक में रखे गए 13 प्रस्तावों रखे गए। जबकि 3 प्रस्तावों पर पार्षदों ने आपत्ति दर्ज कराई है। टैक्स का बजट नहीं बढ़ा वहीं पिछले वर्ष प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने का लक्ष्य 3 करोड़ रुपये था। जबकि टैक्स 3.07 करोड़ रुपये जमा हुआ था। इस वर्ष टैक्स का लक्ष्य नहीं बढ़ाया गया है। वर्ष 2026-27 के लिए लक्ष्य 3 करोड़ रुपये ही रखा गया है। शहर के लिए 78 करोड़ 58 लाख रुपये का बजट पारित किया गया है। फंड के हिसाब से बजट बनाया है। आगामी वर्षों में जिले को देखते हुए बजट में बढ़ोतरी की जाएगी। बैठक में सभी पार्षदों ने अपनी बात रखी। बैठक शांतिपूर्ण ढंग से हुई।- राजेंद्र सोनी, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद। काफी हंगामे और दो बार बैठक रद्द होने के बावजूद आज की बैठक सफल रही। उन्होंने कहा कि पहले विकास कार्यों को लेकर सार्थक चर्चा नहीं हो पाई थीय़ लेकिन इस बार सभी पार्षदों की राय को ध्यान में रखते हुए शहर के विकास के लिए बजट पेश किया गया और उसे मंजूरी मिली।- अनिल बंसल, वाइस चेयरमैन, नगर परिषद। बैठक में पार्षद पहुंचे व उन्होंने अपनी बात रखी। 25 पार्षद बैठक में पहुंचे, 2 पार्षद नहीं पहुंचे। बैठक पास हो गई है। इसमें जो भी कार्यों को मंजूरी दी गई है, जल्दी ही उनपर काम भी शुरु करवाया जाएगा।- प्रवीन ऐलावादी, चेयरमैन, नगर परिषद।