सिरसा के चतरगढ़ पट्टी निवासी वेल्डिंग मैकेनिक हन्नी(28)की मौत मामले में धरना दे रहे परिजनों ने डीएसपी सुनील कुमार की ओर से निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की बात पर भरोसा जताया। परिजनों ने धरना समाप्त करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने पुलिस कर्मियों ने खराब बर्ताव करने के मामले में भी जांच की मांग की। मृतक हनी के परिजन बुधवार सुबह नागरिक अस्पताल परिसर में सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। दोपहर के समय डीएसपी सुनील कुमार ने धरनास्थल पर आकर परिजनों से बात की। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। बाद में डीएसपी सुनील कुमार ने दूसरी बार बातचीत की। उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम तय समय पर नहीं कराया गया तो हमें पूरी जानकारी नहीं मिल सकेगी। जिसके बाद मौत के सही कारणों का खुलासा भी नहीं हो सकेगा। अगर आप लोग सहयोग नहीं करेंगे ताे पुलिस अपने स्तर पर पोस्टमार्टम कराएगी। परिजनों ने कहा कि अगर आप निष्पक्ष जांच कराने का भरोसा दें तो हम पोस्टमार्टम कराएंगे। डीएसपी ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी। परिजनों ने कहा कि हमारे साथ बुरा बर्ताव करने वाले पुलिस कर्मियों पर भी कार्रवाई की जाए। उनकी विभागीय जांच होनी चाहिए। डीएसपी की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन देने पर हनी के परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने पर सहमत हो गए। दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया। शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।