शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए सुपर 100 लेवल-1 प्रवेश परीक्षा बुधवार को जिले के 15 केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित की गई। इस परीक्षा के लिए कुल 4795 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया था। परीक्षा दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक आयोजित की गई। केंद्रों पर विद्यार्थियों की पहचान पत्र जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पर्यवेक्षक तैनात रहे। परीक्षा पूर्णतः वस्तुनिष्ठ प्रकार की थी, जिसमें कुल 50 प्रश्न पूछे गए और अधिकतम 200 अंक निर्धारित थे। नेगेटिव मार्किंग भी लागू की गई। परीक्षा देकर बाहर निकले विद्यार्थियों ने प्रश्न पत्र को सामान्य स्तर का बताया, लेकिन प्रश्न संख्या 13 और 14 को कई छात्रों ने कठिन बताया। विद्यार्थियों के अनुसार इन प्रश्नों को हल करने में अपेक्षा से अधिक समय लगा।