भैणी बादशाहपुर स्थित श्री तुलसी गोशाला के पावन प्रांगण में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का आज अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और भाव-विभोर वातावरण में विश्राम संपन्न हुआ। यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से, बल्कि सामाजिक और आध्यात्मिक चेतना के रूप में भी क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बन गया। कथा के प्रत्येक दिन श्रद्धालुओं का अपार जनसैलाब देखने को मिला, विश्राम के अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु गोशाला परिसर में एकत्रित हुए। भक्तों ने श्रीमद् भागवत महापुराण की अमृतमयी कथा का रसपान कर अपने जीवन को कृतार्थ किया। पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा और श्रीहरि नाम के संकीर्तन से गुंजायमान हो उठा।