विद्युत नगर में कैफेटेरिया कम लाइब्रेरी को लेकर चल रहे विरोध में कॉलोनीवासियों ने बुधवार को निगम मुख्यालय में घुस कर प्रदर्शन किया। कालोनीवासियों का साथ देने के लिए बिजली कर्मी भी आए। बिजली कर्मियों ने कहा कि जब तक कैफे को बंद नहीं किया जाएगा तब तक विरोध जारी रहेगा। कॉलोनीवासी रविंद्र पान्नू, जगमहेंद्र चहल, मनोज, मनोज चंद्रवंशी, बलजीत शर्मा, प्रवेश, सोहन सिंह, आदि ने बताया कि विद्युत नगर के लोगों के साथ धोखा किया गया है। जब टेंडर मांगे गए तब हमें बताया कि यहां लाइब्रेरी बनेगी। इसके विपरित यहां कैफेटेरिया बना दिया। संचालक ने निर्धारित जगह से ज्यादा पर अतिक्रमण किया हुआ है। यहां अनैतिक गतिविधियां होती हैं। बाहर से गाड़ियां आती हैं। रात के समय यहां तेज आवाज में संगीत बजता है, जिससे आसपास रहने वाले लोग काफी परेशान रहते हैं। कालोनी का माहौल खराब हो गया है। कॉलोनी में शाम के समय लोगों का सड़कों पर या पार्क में जाना भी सुरक्षित नहीं रह गया है। बाहरी तत्वों ने यहां कब्जा कर लिया है। दूसरे जिले व प्रदेशों की गाड़ियां यहां घूमती रहती हैं। कॉलोनी से इस कैफेटेरिया को हटाया जाए।