हिसार-भादरा स्टेट हाइवे पर गांव आर्यनगर के पास ग्रामीणों ने रोड जाम कर दिया है। ग्रामीणों ने रोड जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। लोगों के घरों, स्कूलों, अस्पताल, रोड पर भरे पानी की निकासी न होने से गुस्साए लोगों ने सड़क पर यातायात को जाम किया। ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन की ओर से कोई प्रयास नहीं किए जा रहे। ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन की ओर से कोई सुध नहीं ली जा रही । प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा की ससुराल आर्यनगर गांव में है। रणबीर गंगवा भाजपा की पिछली 2019-2024 कार्यकाल सरकार में नलवा विधानसभा से विधायक थे। इसके चलते उनका इस गांव से विशेष लगाव भी रहा है। आदमपुर से विधायक चंद्रप्रकाश का पैतृक गांव भी आर्यनगर है। ऐसे में उनका जुड़ाव इस गांव से है। फिलहाल रणधीर पनिहार नलवा के विधायक हैं। ऐसे में तीन विधायकों से जुड़े इस गांव में पिछले दस दिन से सड़कों, स्कूलों, बिजली घर, लोगों के मकान, खेत जल में डूबे हुए हैं। लोगों को अपने घर तक पहुंचने के लिए सड़क भी नहीं है। सड़क पर भी पानी भरा हुआ है।